कंगना ने फिर ऋतिक पर साधा निशाना, कहा बर्बाद करना चाहते थे ऋतिक

मुम्बई: बाॅलीवुड स्टार ऋतिक रोशन और एक्ट्रेस कंगना रनाउत के बीच काफी लम्बे समय से शीत युद्ध जारी है और दोनों कई बार एक दूसरे पर आरोप लगा चुके हैं लेकिन इस बार कंगना रानाउत ने एक इन्टरव्यू में ऋतिक रोशन पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि ऋतिक रोशन उनको बर्बाद करना चाहते थे और उनका कैरियर खत्म करने के लिए उन्होंने बाॅलीवुड के कई लोगों से सम्पर्क किया था। आपको बता दें कि दोनों के बीच की लड़ाई की शुरुआत तब हुई थी जब कंगना ने एक इंटरव्यू में ऋतिक को अपना एक्स ब्वॉयफ्रेंड बताया था और कहा था कि ऋतिक अटेंशन पाने के लिए उनके आगे पीछे घूमते थे। ये बात इतनी आगे बढ़ गई थी कि दोनों ने एक दूसरे को लीगल नोटिस भी भेज दिया था। इस दौरान कंगना के ईमेल भी सार्वजनिक हो गए थे। दोनों का ये मामला पुलिस तक पहुंच गया था। अपनी आने वाली फिल्मरंगूनके प्रमोशन में व्यस्त कंगना ने एक इंटरव्यू में कहा कि दो लोगों के प्राइवेट अफेयर में कोई तीसरा व्यक्ति मदद नहीं कर सकता था। कंगना ने बताया कि उनके पास लोगों का कॉल आता था कि ऋतिक उनसे मिले हैं और कंगना के खिलाफ सबूत दिखाए हैं। सामने वाला शख्स कंगना से मिलने और उनका पक्ष रखने के लिए कहता था लेकिन कंगना जवाब देती थी कि ये उनका काम नहीं है। इससे पहले एक इंटरव्यू में कंगना ने कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में अगर दोस्त बनाएंगे तो मामला कहीं ना कहीं बिगड़ जाएगा। इंडस्ट्री में आप जिनके साथ काम कर रहे हैं, अगर वो सफल हो जाएंगे तो वो आपको अवॉयड करने लगेंगे। और ये बात साफ है कि अगर वो जिंदगी में सफल होकर आगे बढ़े तो आपके दिल को ठेस जरूर पहुंचेगी। कंगना का मानना है कि ऐसे में इंसानी जज्बात आगे ही जाते हैं और इनके साथ चीजें और भी कड़वी होने लगती हैं। काम के दौरान इंसान निर्धारित नहीं कर पाता कि क्या सही है और क्या गलत। रोमांटिक रिलेशनशिप के साथ भी बिल्कुल ऐसा ही होता है। कंगना ने कहा कि उनकी सफलता का एक और भी कारण है कि वो दोस्ती ज्यादा नहीं करती चाहे वो दूसरे एक्टर्स हों, निर्देशक हों या फिल्म से जुड़े अन्य लोग। हालांकि उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री से बाहर उनके काफी दोस्त हैं।