भगौड़े घोषित हुए गायत्री प्रजापति, लुकआउट सर्कुलर जारी

लखनऊ:सपा की फजीहत करा रहे यूपी सरकार के मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को आखिरकार पुलिस प्रशासन ने भगोड़ा घोषित कर दिया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार गायत्री प्रजापति के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप का मुकदमा दर्ज है। गैर जमानती वारंट जारी किया जा चुका है। पासपोर्ट भी निलंबित किया जा चुका है। उसके बाहर भागने के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं। लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया जा चुका है। शीघ्र ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने कहा है कि सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं के आरोपी परिवहन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति समेत सातों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पॉक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश लक्ष्मीकांत राठौर ने शनिवार शाम गैर जमानती वारंट जारी किया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि एसएसपी के पत्र के कारण छुट्टी के दिन कार्यालय खोला गया था। केवल एक घंटे में गायत्री प्रजापति का पासपोर्ट सस्पेंड कर दिया गया। लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया जा चुका है।