देहरादून: उत्तराखण्ड में कांग्रेस की करारी हार के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का बचाव किया है। हरीश रावत ने कहा कि यह विधानसभा चुनाव उनके नाम पर लड़ा गया और वह कांग्रेस का चेहरा भी थे। लिहाजा परिणाम आते ही हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा भी दे चुके हैं। साथ ही रावत ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा का डबल इंजन आ गया, लेकिन अब देखना यह है कि यह इंजन सिर्फ घनघनाता है या पहाड़ भी चढ़ता है। रविवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत में हरीश रावत ने भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत के लिए बधाई दी। साथ ही कहा कि जनता ने उन्हें विपक्ष की जो भूमिका सौंपी है, वह उसके लिए पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और जनता के बीच जाएगी। वह राजनैतिक सौहार्द के वातावरण को आगे बढ़ाएंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस नए संकल्पों के साथ जनता के बीच जाएगी। बहुत जल्द बैठक बुलाकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कठिन परिस्थितियों में चुनाव लड़ा है। पैसों का जमकर दुरुपयोग हुआ। वह इस बात से भी हैरान हैं कि तीन चक्रों में आगे रहने के बाद वह चैथे चक्र में पीछे चले जाते हैं। उन्होंने ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका भी जताई है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि पार्टी के बैंक खाते में सवा पांच करोड़ रुपये आए, इसमें चार करोड़ रुपये राज्य के बाहर से आए। मीडिया के लोग एक कमेटी बनाकर इसकी जांच करा सकते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में पार्टी को 16 लाख 65 हजार 664 लोगों ने अपना वोट दिया। वह जल्द ही प्रदेश भर का दौरा कर जनता के बीच जाएंगे।
Latest News
कांग्रेस-पत्रकार प्रकरण : करन माहरा ने पुलिस प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार,...
देहरादून : उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पुलिस लाईन देहरादून में घटी घटना के लिए पुलिस प्रशासन को पूरी तरह दोषी ठहराते...